हरगांव। अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों के शव पानी में उतराते मिले। हरगांव पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर जांच की।
भदेवा के मजरा जैतापुर गांव निवासी छबिनाथ (65) का शव बृहस्पतिवार रात नौ बजे माहिमपुर और जैतापुर के बीच उनके खेत के पास बने पानी भरे खड्ड में उतराता हुआ मिला। परिजनों के अनुसार दोपहर में घर से जानवरों के लिए गन्ने की पत्ती तोड़ने की बात कहकर निकले थे।
आशंका है कि पत्ती तोड़ते समय अचानक पैर फिसलने से छबिनाथ खेत के पास पानी से भरे खड्ड में गिर गए। पानी अधिक होने के कारण डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। सूचना पर आई पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है।
रानीपुरवा व उदनापुरकलां गांवों के बीच से निकली बड़ी नहर में तालगांव के रिखौना गांव निवासी आदर्श गुप्ता (25) का शव शुक्रवार को उतराता हुआ मिला। परिजनों के अनुसार आदर्श गंभीर बीमारी से पीड़ित और मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। पुलिस ने शव को नहर से निकलवाया है।
सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।