सीतापुर। कोतवाली बिसवां पुलिस ने दुकानों, घरों और सार्वजनिक स्थलों से मोबाइल चुराकर कर उन्हें सस्ते दामों पर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी के नौ मोबाइलों के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
सीओ बिसवां अभिषेक प्रताप सिंह अजेय ने बताया कि मुखबिर मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर बिसवां के कन्हईपुरवा निवासी अमित कश्यप व सदरपुर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर निवासी रमेश कस्बे को चंपा देवी विद्यालय के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से नौ मोबाइल व एक बाइक बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कुबूला कि वे दोनों मिलकर लोगों के घरों, दुकानों व सार्वजनिक स्थलों पर चार्जिंग में लगे मोबाइल फोनों को चुराते हैं। वे पकड़े न जाएं, इसलिए चोरी के मोबाइल अंजान लोगों को सस्ते दाम पर बेच दिया करते हैं। सीओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।