तालगांव पुलिस गिरफ्त में चोरी के आरोपी। स्रोत : पुलिस
सीतापुर। तालगांव पुलिस ने मंगलवार को चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.20 लाख रुपये नकदी बरामद की है। आरोपियों के पास से तमंचा, मोबाइल फोन, कारतूस व एक लग्जरी कार भी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में से अभिमन्यु के विरुद्ध 25 और हरिओम के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अभिमन्यु हिस्ट्रीशीटर है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि सोमवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लश्करपुर गांव के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों लोगों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिस्ट्रीशीटर सदरपुर के गद्दीपुर मजरा अकबापुर निवासी अभिमन्यु शुक्ला उर्फ अजय शुक्ला व तालगांव के भूडपुरवा मजरा लश्करपुर निवासी हरिओम वर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बंद मकानों और दुकानों से चोरी की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि पूर्व में उन्होंने तालगांव के मोहम्मदीपुर, अंबावा और लहरपुर के लालपुर बाजार में चोरी की थी। इसमें 21 अप्रैल की रात में अंग्रेजी शराब की दुकान से हुई चोरी भी शामिल है।