खैराबाद। वैन चोरी करने वाले दो लोगों को शुक्रवार को खैराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें से एक बिहार का रहने वाला है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला शेखसरांय निवासी जीशान व बिहार के जिला भोजपुर सदरबाजार वार्ड नंबर 16 जगदीशपुर निवासी अर्जुन प्रसाद को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक चोरी की वैन और पांच हजार रुपये बरामद हुए हैं।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी वैन ही चुराते थे। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बरात में लोग वैन का ही प्रयोग करते हैं। ऐसे में उनकी बुकिंग भी अधिक आती थी। इसलिए वह रंग व नंबर प्लेट बदलकर वैन को बुकिंग पर भेजते थे। अन्य लोगों को भी आरोपियों ने इसी काम के लिए वैन बेची थीं।
बिहार का अर्जुन चुराई हुई वैन को बिकवाने के लिए ग्राहकों को खोजता था। कई वाहनों के कल-पुर्जाें को भी आरोपियों ने बेचा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है।