सीतापुर। जिले के तराई इलाके में हर साल आने वाली बाढ़ से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन तहसीलों में अतिरिक्त रूप से दो-दो एंबुलेंस तैनात की जाएंगी, जिससे आपदा के समय मरीजों को आसानी से अस्पताल तक पहुंचाया जा सकें।
जिले के महमूदाबाद, बिसवां व लहरपुर तहसील में प्रतिवर्ष बाढ़ तबाही मचाती है। 100 से अधिक गांव चपेट में आ जाते हैं। इस बार स्वास्थ्य विभाग ने काफी पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। सीनियर सिटीजन व गर्भवती महिलाओं का चिह्नींकरण अभियान चल रहा है। अब इन मरीजों को तत्काल राहत दिलाने के लिए एंबुलेंस की तैनाती की भी प्लानिंग शुरू कर दी गई है। 102 व 108 एंबुलेंस तो हर समय मौजूद रहेंगी। इसके अलावा प्रत्येक तहसील पर दो-दो एंबुलेंस रिजर्व की जाएंगी, जिससे आपदा के समय इनका उपयोग करके मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाया जा सकें।
चार सीएचसी रहेंगी अलर्ट
बाढ़ग्रस्त इलाके में आने वाली सीएचसी बाढ़ के समय अलर्ट पर रहेंगी। इनमें सीएचसी लहरपुर, महमूदाबाद, बिसवां, रामपुर मथुरा, तंबौर, रेउसा व पहला शामिल हैं। इन सभी के अधीक्षकों को समय से तैयारियां करने की हिदायत दी गई है।
की जाएगी तैनाती
बाढ़ राहत क्षेत्रों में एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती रहेगी। इससे मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ