तालगांव में शनिवार सुबह ट्रक व पिकअप की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं चालक समेत पिकअप पर सवार सात लोग जख्मी हो गए। ये लोग वाहन न मिलने पर पिकअप पर सवार होकर अपने घरों को जा रहे थे।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर, हादसे की खबर पाकर क्षेत्रीय विधायक, एसडीएम, सीओ समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंची। दुर्घटना से मार्ग पर जाम भी लग गया।
तालगांव के धोंधी गांव के सामने शनिवार सुबह 8:30 बजे सीतापुर से लहरपुर की ओर गिट्टी लादकर जा रहे ट्रक ने सामने से आ रही पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी तो भाग निकले, लेकिन पिकअप में सवार 11 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना पर जब तक पुलिस राहत पहुंचाती, लहरपुर के शेखनटोला निवासी इसलामुद्दीन (45) व तंबौर के काजी टोला पूर्वी निवासी जलालुद्दीन (45) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों की मदद से आननफानन घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
वहां चिकित्सकों ने तंबौर के अहमदाबाद गंज निवासी सगीर अहमद (45) व तालगांव के कलां बहादुरपुर निवासी कुबेरी (35) को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा तालगांव के कलां बहादुरपुर निवासी श्रीकेशन (45) व रामपाल (55), शहर कोतवाली अर्जुनपुर निवासी राधिका (50) पत्नी सियाराम, हरगांव के अमवापुर निवासी लियाकत अली (65), सकरन के पलौली निवासी बृजेश कुमार (25) पुत्र कुन्हा, शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायन नगर निवासी संदीप (24) पुत्र तेजराम व चालक खैराबाद के सुजावलपुर निवासी विपिन (35) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उधर, हादसे की खबर पाकर क्षेत्रीय विधायक जासमीर अंसारी, एमएलसी राकेश सिंह, एसडीएम हरीश चंद्र, सीओ, इंस्पेक्टर लहरपुर व तालगांव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।