रेउसा (सीतापुर)। साइकिल से जा रहे पिता और दो पुत्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेउसा के भरथा निवासी उत्तम मौर्य अपने बेटे राज (12) व अभिषेक (8) के साथ सोमवार को साइकिल से नाई की दुकान पर जा रहे थे। सड़क पार करते समय बिसवां से बहराइच जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही राज की मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल उत्तम और उसके बेटे अभिषेक को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई होगी।