रेउसा(सीतापुर)। रेउसा कस्बे में चीनी से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में बिजली की लाइन ध्वस्त हो गई। इस वजह से करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत रही कि कुछ ही दूर सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
लहरपुर के रंगवा निवासी ट्रक चालक दिनेश कुमार शुक्रवार रात करीब 12 बजे पीलीभीत से चीनी लोड कर बहराइच जा रहे थे। कस्बे में अटल चौक पर गुरु प्रसाद पेट्रोल पंप के पास धान से लदी ट्राॅली को बचाने में ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। इसके बाद जगदीश तिवारी घर के सामने लगे पेड़ से टकराकर ट्रक रुक गया।
जगदीश का परिवार घर के बाहर टिनशेड के नीचे सो रहा था। गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। ट्रक की स्पीड इतनी तेज थी कि टक्कर लगने से पेड़ हिल गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानंे तो अगर पेड़ न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। खंभे के टूटने से शेखनपुरवा के करीब 200 घरों में बिजली गुल हो गई। विभाग बिजली के एक अफसर ने बताया कि करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। चालक पुलिस हिरासत में है।