सीतापुर। क्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा मंगलवार को आधा घंटे देरी से खुली। इसके चलते जरूरी कामकाज निपटाने बैंक पहुंचे खाताधारकों को काफी परेशानी उठाना पड़ी। इससे नाराज ग्रामीणों ने बैंक की शाखा के सामने ही विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा मंगलवार को निर्धारित समय सुबह 10 बजे के स्थान पर 10:30 बजे खुली। इसके चलते तेज धूप को बैंक से निकासी करने पहुंचे लोगों को परिसर में खड़े होकर बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ा। बबुरीखेड़ा निवासी मनोहर, मरेली निवासी शिवलाल, कल्ली निवासी राजरानी व जय देवी , करखिला निवासी उमाकांत आदि ने बताया कि परिवार में शादी विवाह होने के कारण बैंक से पैसा निकलवाने के लिए बीते तीन दिन से दौड़ रहे हैं। कभी सर्वर की दिक्कत तो कभी नकदी की कमी के कारण उन्हें बिना पैसा निकाले ही लौटना पड़ रहा है। भुगतान न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने बैंक देरी से खुलने के खिलाफ नाराज होकर प्रवेश गेट के पास नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। काफी प्रयास के बाद भी शाखा प्रबंधक प्रियंका मिश्रा इस बाबत बातचीत से बचती रही। (संवाद)