महोली के ग्राम पंचायत ननसोहा में 20 दिन से अंधेरा छाया हुआ है। कारण, यहां लगा ट्रांसफार्मर फूंक गया, जिससे करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित है। ग्रामीणों ने कई बार पावर कॉर्पोरेशन से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
ननसोहा में करीब 20 दिन पूर्व लगा ट्रांसफार्मर फूंक गया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए पावर कॉर्पोरेशन में कई बार शिकायत दर्ज कराई। उसके बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। गर्मी में लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की।
15 गांवों की रोक दी गई सप्लाई
पॉवर कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को 15 गांवों की विद्युत सप्लाई रोक दी है। कारण इन गांवों पर 25 लाख की बिजली बिल की बकायेदारी है। जब तक बकाया जमा नहीं होगा, सप्लाई बंद रहेगी। अधिशाषी अभियंता आरबी यादव ने बताया शुक्रवार को बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस दौरान हरगांव इलाके के मुस्तफाबाद, बागीपुर, सफरोई, सहादतनगर, सतुनी, झरेखापुर, बिनौरा, रायपुर, करोई, रहीमाबाद, सैलरा, सरैंया, खेऊरा, झखेरवा, मकरेड़ा गांव में 25 लाख की बकायेदारी निकली। जिस पर इन गांवों की सप्लाई बंद कर दी गई है। जब तक ग्रामीण बिल जमा नहीं करेंगे, विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।