पिसावां। शाम करीब छह बजे पिसावां-पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास अचानक एक दर्दनाक हादसे ने मुंडन व दिवाली की खुशियां मातम में बदल दी। घर में मुंडन के साथ ही दिवाली व धनतेरस की खुशियां छाईं थीं। मुंडन संस्कार से शुक्रवार शाम लौट रहे परिवार को इंतजार था।
अचानक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। पलभर में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए क्षेत्रीय लोग दौड़े, लेकिन इस हादसे में मां-बेटी समेत पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर जैसे ही बरगावां गांव पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। घरों में जलने वाले दीपों और त्योहार की तैयारियों को छोड़कर लोग अपनों की तलाश में अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े। किसी को अपनी मां की चिंता थी तो कोई बहन, बेटी और पत्नी की खैरियत जानने के लिए बेचैन था। सीएचसी पिसावां में देखते ही देखते पूरा गांव उमड़ आया। हर चेहरा सहमा हुआ था और हर जुबान पर एक ही सवाल था कि उनके परिजन कैसे होंगे।