राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की रैली में पैदल चलते डीएम-एसपी व विधायक सुरेश राही।
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। यातायात के नियम जनमानस की सुरक्षा के लिये बनाये गये हैं। सरकार सड़क हादसों के प्रति बेहद गंभीर है। यह बात सोमवार को परिवहन विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के आयोजन के शुभारंभ के मौके पर भाजपा विधायक व मुख्य अतिथि सुरेश राही ने कही। उन्होंने कहा कि लगातार जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में यातायात नियम के प्रति जागरूकता लाना है।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि यातायात के छोटे-छोटे नियम बड़े सड़क हादसों को टालने में सहायक हैं। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। ठंड में वाहन चलाते समय बेहद सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। एसपी आरपी सिंह ने कहा कि सीट बेल्ट, हेलमेट न लगाने से हादसे के समय मृत्यु की संभावना अधिक हो जाती है। ऐसे में यातायात के नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करें। एएसपी डॉ. राजीव दीक्षित ने कहा कि लोग हेलमेट पुलिस के डर से लगाते हैं, जबकि हेलमेट आपकी सुरक्षा के लिये है। पुलिस को देखकर चालक हेलमेट लगा लेते है और फिर उतार कर रख लेते है, जो चिंता का विषय है।
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण ने अंत में सभी को यातायात नियमों की शपथ दिलायी। परिवहन विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के मौके पर परिवहन विभाग द्वारा पुलिस विभाग के समन्वय से प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शहर के तरणताल से लालबाग होते हुए पुलिस लाइन तक ट्रेनी आरक्षियों द्वारा पैदल मार्च कर रैली निकाली गई। कार्यक्रम में अतिथियों ने चालकों को हेलमेट भेंट किये। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि 19 जनवरी मंगलवार को खैराबाद स्थित जिला कार्यक्रम व प्रशिक्षण कार्यालय में चालकों को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जायेगी।
कार्यक्रम में यात्रीकर अधिकारी शैहपर किदवई, टीआई करुणेश सिंह ने विचार रखे। प्रगति संस्था द्वारा पंपलेट वितरित किये गये। एआरटीओ द्वारा अतिथियो को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। कार्यक्रम में एएसपी दक्षिणी एनपी सिंह, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्र, आरआई रामबचन, शोभित टंडन, टीएसआई रामजतन, सुदीप आर्या आदि काफी संख्या में लोग मौजूद थे।