सीतापुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की दूसरी पाली छूटने के बाद रविवार शाम शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया। शहर के लालबाग चौराहा, रोडवेज बस स्टेशन, जीआईसी चौराहा व रेलवे स्टेशन चौराहा पर जाम की वजह से वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान करीब घंटे भर जाम में फंसे रहे वाहन चालकों को खास तौर पर दिक्कत झेलना पड़ी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम को खुलवाने के बाद ट्रैफिक संचालन सुचारू बनाया।
वहीं, पीईटी परीक्षा के पहले दिन शहर के 13 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 11184 में से 8787 अभ्यर्थी ही परीक्षा में पहुंचे। इस दौरान दोनों पालियों को मिलाकर कर कुल 2307 गैर अभ्यर्थियों ने गैर हाजिर रहकर परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में पंजीकृत 5592 के सापेक्ष 4381 ने परीक्षा दी। 1121 गैर हाजिर रहे। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत 5592 के सापेक्ष 4406 ने परीक्षा दी। 1186 गैर हाजिर रहे। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हो गई है। इस दौरान डीएम व एसपी ने महर्षि विद्या मंदिर और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा संचालन की जमीनी हकीकत को परखा।
दूसरी पाली के बाद जब परीक्षार्थी अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों के बाहर निकले तो लालबाग चौराहा, जीआईसी चौराहा, रोडवेज चौराहा, जिला अस्पताल चौराहे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। एक साथ परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ने से वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। ट्रैफिक पुलिस चौराहों पर मौजूद थी, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते काफी देर तक जाम लग रहा। यातायात प्रभारी यज्ञपाल वर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात पुलिस की तरफ से अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद भी तमाम वाहन सड़कों के किनारे खड़े नजर आए। इससे पुलिस इनको हटाने के लिए लगातार एनाउंस करती रही।
गेट पर उतरवाई माला, झुमकी व कलावा
परीक्षार्थी एक घंटा पहले ही केंद्र पर पहुंचकर कतार में में लगने लगे थे। गेट पर जांच के दौरान गले की माला, झुमकी, कलावा, पायल तक उतरवा लिए गए। सुरक्षा के तीन चरणों से गुजरकर परीक्षार्थी स्कूल के अंदर पहुंचे। जब तक प्रश्नपत्र नहीं मिल गया परीक्षार्थियों की धड़कनें बढ़ी रही। प्रश्नपत्र मिलने के बाद प्रश्नों को समझा, उसके बाद वह सवालों के जवाब देने में जुटे रहे।
रविवार के बाद भी हुई परेशानी
रविवार का अवकाश होने के कारण सड़कों पर रोजाना की अपेक्षा वाहनों की आवाजाही कम थी। इसके बावजूद परीक्षा छूटने के बाद लगे जाम में फंसे राकेश ने बताया कि पिताजी की दवाई लेने ग्रीकगंज जा रहे थे। आधा घंटा से जाम में फंसे होने से काफी दिक्कत हुई। महेश ने बताया कि बच्चों ने बाजार से मिठाई मंगवाई थी। इसे लेने जा रहे थे। अब जाम में खड़े हैं। रविवार के चलते सोचा था कि आज भीड़ नहीं होगी।
निजी वाहनों से आए थे अधिकतर परीक्षार्थी
पीईटी देने अधिकतर परीक्षार्थी परीक्षार्थी अपने वाहनों से आए थे। जिला प्रशासन ने रोडवेज बस स्टेशन पर अतिरिक्त व्यवस्था कर रखी थी। एआरएम आदित्य सिंह ने बताया कि लखीमपुर, लखनऊ व बहराइच के लिए बसों की संख्या बढ़ाई गई थी। इसके चलते परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत नहीं आई। बसों की दिक्कत नहीं हुई, लेकिन एक साथ बस स्टेशन रोड से गुजरने के कारण यहां पर जाम के हालात जरूर उत्पन्न हो गए।