ट्रक की टक्कर के बाद पलटी ट्राली।
- फोटो : ट्रक की टक्कर के बाद पलटी ट्राली।
कमलापुर। इलाके के मानपारा गांव के पास बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर पलट गई। इससे ट्रॉली पर सवार लोग सड़क पर आ गिरे और दो युवक पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। इसमें एक युवक कार के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गनीपुर निवासी पप्पू रावत (44), लल्लू राम (45) खैराबाद कस्बे में आलू उतार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस सिधौली की ओर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर ट्रॉली में लग गई। ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार लोग सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही एक कार की चपेट में गनीपुर निवासी पप्पू रावत व लल्लू राम आ गए। इसमें लल्लू राम कार के नीचे दब गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी सिधौली पहुंचाया, जहां से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान लल्लू राम की मौत हो गई। थानाध्यक्ष इतुल चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।