सकरन(सीतापुर)। वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। वह खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने इसे चालू किए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत बोहरा के मजरा भवानीपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था।
2022 में निर्मित इस सामुदायिक शौचालय में एक दिन भी ग्रामीण नित्यक्रिया के लिए नहीं गए। शौचालय निर्माण के बाद जिम्मेदारों द्वारा अभी तक उसकी देखरेख व साफ-सफाई के लिए केयरटेकर की नियुक्ति नहीं की गई।
शौचालय पर पानी की टंकी तो रखवा दी गई लेकिन उसका न तो कनेक्शन करवाया गया और न ही उसमें पानी भरने के लिए बोरिंग करवाई गई। देखरेख के अभाव में शौचालय की सीटें टूट चुकी हैं।
दरवाजे भी अराजक तत्वों ने तोड़ दिए हैं। शौचालय के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं। रामपाल, कुसुमा देवी, प्रमोद, महेश आदि ने कहा कि हम लोगों को काफी परेशानी होती है। एडीओ पंचायत दिनेश यादव ने बताया कि केयरटेकर की नियुक्ति ग्राम प्रधान द्वारा की जाती है।