सीतापुर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर मंगलवार को पूरे जिले में टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले में एक दिन में 52 हजार 900 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। टीका 490 केंद्रों पर लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान की तैयारियां पूरी कर ली है।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिलेभर में 28 स्थायी टीकाकरण केंद्रों के अलावा 462 अस्थायी टीकाकरण केंद्रों की स्थापना की जा रही है। इन सभी केंद्रों पर रिकॉर्ड 52,900 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाने का लक्ष्य है। स्थायी केंद्रों पर 6700 और अस्थायी केंद्रों पर 46200 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा।
इस महा अभियान के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन भी उपलब्ध है। सीतापुर शहरी क्षेत्र में आठ स्थायी टीकाकरण केंद्रों के अलावा अभियान के लिए 12 अस्थायी टीकाकरण केंद्र बनाए जा रहे हैं।
आज चलेगा विशेष अभियान
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक करीब 5,92,561 लोगों का कोविड टीकाकरण हो चुका है। जिसमें 13837 स्वास्थ्य कर्मी, 13728 फ्रंट लाइन वर्कर, 94809 लोग जो 45 वर्ष के ऊपर और 270187 लोग 18 वर्ष के ऊपर के हैं। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 5,92,561 लोगों ने पहली डोज और 1,00,340 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि तीन अगस्त को विशेष टीकाकरण महा अभियान चलेगा। इस अभियान के तहत क्लस्टर अभियान के तहत बूथ बनाए जाएंगे।
कोरोना मुक्त हुआ जिला, एक्टिव केस भी शून्य
सीतापुर। कोरोना महामारी को लेकर सोमवार को बड़ी राहत भरी खबर आई। सीतापुर अब कोरोना मुक्त हो चुका है। जिले में एक भी एक्टिव केस नहीं बचे है। इससे लोगों ने काफी राहत की सांस ली है।
कोरोना की दूसरी लहर की यादें आज भी हर किसी के दिल में जिन्दा है। लोगों ने अपनों को कुछ ही देर में खोते हुए देखा है। किसी की ऑक्सीजन के अभाव तो किसी की इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। एक एक दिन में 350 से अधिक संक्रमित मरीज आ रहे थे। अब इस दूसरी लहर का पूर्ण रूप से अंत हो गया है।
सोमवार को जिले में एक भी पॉजिटिव केस नहीं आया है। दो एक्टिव चले रहे केस भी निगेटिव हो गए है। इससे सीतापुर अब कोरोना मुक्त हो गया है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि यह सब हम सबके कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की वजह से हुआ है। तीसरी लहर की आशंका को लेकर अलर्ट रहना जरूरी है। मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।