मानपुर(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को मानपुर चौराहे पर सीमेंट की बोरियों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राॅली का टायर फट गया। ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी लकड़ी की गुमटियों को रौंदती हुई खंती में जाकर पलट गई। इसकी चपेट में आकर चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सीतापुर-बिसवां मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सीमेंट की बोरियां लादकर ट्रैक्टर-ट्राॅली बिसवां की तरफ जा रही थी। मानपुर चौराहे पर अचानक ट्रैक्टर का पिछला टायर फट गया। जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी लकड़ी की गुमटियों को रौंदती हुई खंती में पलट गई।
हादसे में चंपापुर निवासी दुकानदार रहमत(19), कटिया निवासी नसीम (30) व ग्राहक इमामुद्दीन (17) और महोतेपुर निवासी समीर (19) ट्राॅली के नीचे फंस गए। इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां में भर्ती करवाया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।