मछरेहटा (सीतापुर)। थानाक्षेत्र में शुक्रवार को एक ठग ग्रामीण को झांसा देकर उसके तीस हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। मछरेहटा थानाक्षेत्र के मुसौली बड़रावां निवासी लल्ला पुत्र सुंदर ग्रामीण बैंक शाखा मछरेहटा से पैसा निकालने के लिए आया था। उसने यहां से 30 हजार रुपये निकाले। बैंक से रुपया निकालने के बाद लल्ला कस्बे में बाजार की तरफ जा रहा था, इसी बीच उसे एक व्यक्ति मिल गया।
पीड़ित ने बताया कि वह इससे पहले भी कई बार बाजार में मिल चुका है। आज भी वह बाजार में मिला और उससे परिवार का हालचाल पूछा। बाद में बोला उसने बाजार में कुछ सामान खरीदा है। तीस हजार रुपये अभी दे दो, अभी पैसा वापस कर दूंगा। उसके बाद वह वहां से रफू चक्कर हो गया। पीड़ित उसका इंतजार करता रहा मगर वह लौटकर वापस नहीं आया। बाद में पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पूछताछ में पीड़ित यह नहीं बता पा रहा है कि वह व्यक्ति कहां का रहने वाला है। पीड़ित ने अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।