महमूदाबाद (सीतापुर)। थाना रामपुर कलां इलाके में घर के बाहर सड़क पर खेल रहे एक तीन साल के बच्चे की ट्रैैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना पाकर मौकेे पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्चे की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है।
रामपुर कलां इलाके की ग्राम पंचायत पारा परसादीपुर के मजरे पारा निवासी राजेन्द्र प्रसाद का तीन साल का बेटा कमल सोमवार की सुबह घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था, इस बीच भवन निर्माण की सामग्री लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह काफी दूर जा गिरा, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पुलिस को दी गई। एसओ रामपुर कलां अरविंद कटियार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ का कहना है कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई होगी। बच्चे की मौत के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातमी सन्नाटा पसरा है।
...और अधूरी रह गई हसरत
हादसे में जान गंवाने वाला मासूम दो भाई थे। वह छोटा था। लाडले की मौत की मनहूस खबर सुनते ही पिता पर दुखों का पहाड़ ही टूट पड़ा। कमल की मां का भी रो-रो कर बुला हाल था। दोनों बेटों में वह छोटे बेटे को पढ़ा लिखा कर सरकारी सेवा में भेजना चाहती थी, लेकिन शायद नियति को ये मंजूर नहीं था।