पिसावां (सीतापुर)। जिले में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने शुरू हो गये हैं। शुक्रवार को पिसावां इलाके में एक साथ तीन महिलाएं संक्रमित मिलीं। इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएचसी की टीम ने मरीजों के घर जाकर उनको होम आइसोलेट करा दिया है। इसके बाद जांच के लिए मरीजों के परिजनों का सैंपल लिया।
शुक्रवार को इलाके में अलग-अलग जगह से एक साथ तीन नए संक्रमित मिले। तीनों महिलाएं हैं। इनमें से एक ढरकुआं, दूसरी भिठौरा और तीसरी मरीज कस्बे की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि पांच जुलाई को सीएचसी पर 152 लोगों का सैंपल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेजा गया था। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ. अनुराग राजन, प्रशांत, एलटी सुभाष व अश्वनी की टीम ने तीनों संक्रमितों को होम आइसोलेट कराकर उनका इलाज शुरू कर दिया है।
वहीं संक्रमितों के परिजन और उनके संपर्क में आए 75 लोगों की जांच की गई है। इलाके में एक साथ तीन कोरोना संक्रमित मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। सीएचसी अधीक्षक ने कोविड से बचने के लिए लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।