सीतापुर। मिशन सेफ फ्यूचर के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग ने विद्यालयों के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई निजी वाहनों का स्कूली वाहनों के रूप में अवैध उपयोग करते हुए पाया गया। मानकों के उल्लंघन पर तीन वाहन सीज किए गए और चार का चालान किया गया। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि मिश्रिख-रामकोट मार्ग पर स्कूली वाहनों की चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।
एआरटीओ ने कहा कि किसी भी स्थिति में निजी वाहनों का उपयोग स्कूली वाहन के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इस संबंध में अभिभावकों को भी जागरूक करते हुए सहयोग की अपील की गई। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में सात जुलाई तक विद्यालय संचालकों को वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त कराने का अवसर दिया गया है। इसके बाद आठ जुलाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि विद्यालय प्रबंधन को नियमों के प्रति जागरूक करना और बच्चों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करना है।