डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक महिला समेत तीन और लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं। महिला को नाजुक हालत में चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर किया है।
वहीं जिला अस्पताल में इलाज का हाल ये है कि एक मरीज को डेंगू की पुष्टि करने में तीन दिन का वक्त लग गया। इस बीच उसकी हालत बिगड़ जाती है। डेंगू पीड़ितों की संख्या 94 से बढ़कर 97 हो गई है।
शहर के मोहल्ला तामसेनगंज निवासी राकेश मेहरोत्रा की पत्नी पूनम देवी (55) को बीते एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। प्राइवेट डॉक्टर ने जांच में डेंगू होने की पुष्टि की। पूनम देवी की प्लेटलेट्स 14 हजार हैं। डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है।
सिधौली के मोहल्ला गांधी नगर निवासी गुड्डू के पुत्र मोहम्मद आदिल (14) को भी एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। प्राइवेट डॉक्टर ने डेंगू बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उसे गुुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर डेंगू की बात मान नहीं रहे थे। जिला अस्पताल की जांच में शनिवार को डेंगू की पुष्टि हुई। इसके अलावा सकरन थाना क्षेत्र के ग्राम लखुआ बेहड़ निवासी राम नरेश का पुत्र पिंटू (18) बीते पांच दिनों से तेज बुखार से परेशान है।