मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत शनिवार को डीएम अमृत त्रिपाठी ने बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच बूथों से पदाभिहीत अधिकारी व बीएलओ गैरहाजिर मिले। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
मालूम हो कि भारत निर्वाचन आयोग आगागी विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण/मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम चला रहा है। इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को मतदान केंद्रों पर पंजीकरण के लिए विशेष अभियान दिवस रखा गया था।
जिले के 3167 मतदान केंद्रों पर इस दिन पदाभिहीत अधिकारी व बीएलओ की मौजूदगी अनिवार्य की गई थी। विशेष पंजीकरण के दिन डीएम अमृत त्रिपाठी ने सदर एसडीएम दीपेंद्र यादव के साथ सीतापुर, हरगांव व लहरपुर विधानसभा के सूरजपुर, नानकारी, बडागांव, शाह महोली व तुर्तीपुर केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान इन केंद्रों से पदाभिहीत अफसर व बीएलओ गैरहाजिर पाए गए। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी गैर हाजिर कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब कर सभी को निलंबित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पंजीकरण कार्यक्रम आयोग व प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। यह विशेष पंजीकरण कार्यक्रम 9, 22 व 23 अक्टूबर को भी चलेगा। इस दिन भी बूथों पर जाकर लोग मतदाता बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मताधिकार के लिए लोग जागरूक हों और इस अभियान से जुड़कर अपने व परिवार एवं मित्रों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। यही नहीं जिनके नामों में शुद्धि होनी हैं, वह भी अपने नाम सही करा सकते हैं।
डीएम ने शनिवार को ही लहरपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां सफाई न मिलने पर अधीक्षिका को जमकर फटकार लगाई। डीएम ने आवासीय विद्यालय की सुरक्षा को भी परखा।
ऊपर को जाने व आने के लिए सीढ़ी पर गेट न होने पर भी वह नाराज दिखे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से जानकारियां भी लीं। इस दौरान बीएसए राजेंद्र सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद थे।