सीतापुर। महमूदाबाद के बीबीपुर वार्ड स्थित बड़ी बाग में शनिवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। चपेट में तीन लग्जरी वाहन आ गए। सूचना पर दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।
बीबीपुर में शनिवार को बाग में अचानक लगी आग से वहां खड़ीं रामप्रकाश वर्मा, राकेश श्रीवास्तव व दिनेश कुमार की लग्जरी गाड़ियां जलने लगीं। धुआं और लपटें देखकर भीड़ इकट्ठा हो गई। तीनों वाहनों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। करीब एक घंटे तक गाड़ियां तक जलती रहीं। टायर फटने की आवाज भी आती रही। भारी भीड़ जमा हो गई।कोतवाल अनिल सिंह तथा फायर टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बताया जाता था कि बाग में छह गाड़ियां खड़ी थीं। इसमें दो वाहन स्वामियों ने अपने वाहन हटा लिए। वहीं एक अन्य वाहन वहां से काफी दूर था, इसलिए वह चपेट में नहीं आया।
बड़ा हादसा टला :
बाग के पास ही राजकीय डिग्री कॉलेज है। मोहल्ले में रहने वाले लोग इस जगह अपने वाहन खड़े करते हैं। घटनास्थल के पास बिजली विभाग का ट्रांसफर रखा है। लोगों ने बताया कि अगर आग और बढ़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था।