निकाय चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के दौरान शनिवार को खूब आपत्तियां आईं। इस दौरान तीन परचे खारिज हो गए। इनमें मिश्रिख व तंबौर में अध्यक्ष पद पर एक-एक नामांकन निरस्त हो गया।
वहीं सीतापुर पालिका के वार्ड तामसेनगंज में भी एक परचा निरस्त किया गया। ऐसे में निकायों के अध्यक्ष पदों पर 142 उम्मीदवार मैदान में बचे। सभासद पदों के दाखिल परचों पर प्रत्याशियों ने खूब आपत्तियां उठाईं। हालांकि इस चुनाव में 13 नवंबर को नाम वापसी के बाद ही तस्वीर फाइनल हो सकेगी। जिले में हो रही तीसरे चरण के चुनाव में 29 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
सीतापुर जिले में 11 निकाय हैं। छह पालिका सीतापुर, खैराबाद, लहरपुर, मिश्रिख-नैमिषारण, बिसवां एवं महमूदाबाद तथा पांच नगर पंचायत महोली, हरगांव, तंबौर-अहमदाबाद, पैंतेपुर एवं सिधौली हैं।
यहां की 11 पालिका-पंचायतों में अध्यक्ष पदों की नामांकन प्रक्रिया में सात दिनों में 144 प्रत्याशियों ने परचे दाखिल हुए। इनमें सीतापुर, लहरपुर पालिका में 17-17, बिसवां व मिश्रिख, नगर पंचायत हरगांव, महोली में 15-15, खैराबाद, महमूदाबाद में 8-8 प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे।
नगर पंचायत पैंतेपुर में 12, सिधौली में 9, तंबौर-अहमदाबाद में 13 परचे दाखिल हुए थे। शनिवार को अध्यक्ष पदों पर दाखिल 144 प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच हुई। इस दौरान मिश्रिख नगर पालिका अध्यक्ष सुुनीता पत्नी दीपक कुमार तथा नगर पंचायत तंबौर-अहमदाबाद में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी फरजाना का परचा निरस्त कर दिया गया।
इनके नामांकन पत्र में दोनों की आयु कम पाई गई। वहीं वार्ड तामसेनगंज में सभासद पद के उम्मीदवार प्रभात जायसवाल का भी परचा अनियमितताओं के चलते खारिज कर दिया। वहीं अभी सभासद पदाें पर दाखिल उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। ऐसे में रविवार को और भी परचे खारिज हो सकते हैं।