शूटिंग में सिल्वर झटककर शाद ने बढ़ाया मान
सीतापुर। सीमित संसाधनों से निशानेबाजी की प्रैक्टिस कर शाद फारूखी ने नार्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर परिवार के अलावा राइफल क्लब सीतापुर का मान बढ़ाया है।
राइफल क्लब सीतापुर को प्रदेश के बाहर की प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल दिलाने वाले शाद जिले के पहले निशानेबाज बन गए हैं।
यह कामयाबी शाद ने करनी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद दिल्ली में 5 नवंबर से 9 नवंबर के बीच होने वाली नार्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में हासिल की।
नार्थ जोन में सफलता पाने वाले शाद को अब दिल्ली में 14 नवंबर से होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। खैराबाद के रहने वाले शाद फारूखी को बचपन से ही निशानेबाजी का शौक है।
राइफल क्लब के सचिव फरहत बेग ने बताया कि शाद ने अपनी आम की बाग में शूटिंग रेंज बनाकर प्रैक्टिस की है। सीमित संसाधनों के बावजूद निशानेबाजी के प्रति शाद के जुनून ने उसे कामयाबी की मंजिल तक पहुंचाया है।
5 नवंबर से 9 नवंबर तक दिल्ली में होने वाली नार्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में 12 बोर ट्रैप में शाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है।
राइफल क्लब के 56 वर्षो के लंबे इतिहास में प्रदेश के बाहर की प्रतियोगिता में शाद सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले निशानेबाज हैं। इससे पहले प्रदेश स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में दिग्विजय सिंह ने 2014-15 में सिल्वर व निगहत मिर्जा ने कांस्य पदक जीता था। जबकि 2015-16 में दिग्विजय ने गोल्ड और निगहत ने कांस्य जीता था।