सीतापुर। एक फर्जी फाइनेंस कंपनी के जरिये ठगी करने वाले तीन साइबर ठगों को शहर कोतवाली पुलिस व साइबर सेल ने दबोचा है। यह शातिर लोन देने के नाम पर लोगों से दस्तावेज व कैंसिल चेक लेते थे। चेक से कैंसिल शब्द को हटाकर कैश निकाल लेते थे। पुलिस ने तीनों शातिरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एनपी सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली में कुछ लोगों ने एक कंपनी द्वारा लोन दिलाने के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आने पर केस दर्ज हुए थे। इस फर्जीवाड़े का राजफाश करने के लिए शहर कोतवाली पुलिस के अलावा साइबर सेल को भी लगाया गया था। कोतवाली टीपी सिंह की टीम व साइबर सेल ने मामले की गहनता से जांच कर तीन शातिरों को दबोचा है।
आरोपियों में उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर निवासी पृथ्वी सिंह, इसी जिले के थाना काशीपुर इलाके के मानपुर नईबस्ती निवासी आनंद बलभ जोशी, उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर इलाके के स्वार थाने की मीरापुर निवासी विंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने स्टार फाइनेंस नामक फर्जी कंपनी खेल रखी थी। जिसके जरिये लोगों को कम ब्याज पर लोन देने का लालच देते थे।
लोगों से ठगी करने के लिए यह लोग अखबारों के साथ अपने पंपलेट बांटते थे। उस पर मोबाइल नंबर लिख देते थे। जब लोग मोबाइल पर फोन करते थे तो इच्छुक लोगों से कैंसिल चेक, पैन नंबर, बैंक पासबुक डिटेल आदि लेते थे। जिसके बाद चेक से कैंसिल शब्द हटा कर बैंक से रुपए निकाल लेते थे। इन लोगों ने दो चेक प्राप्त कर, बाद में चैक से कैंसिल शब्द हटाकर दो लाख 77 हजार की ठगी की थी। जिसके मुकदमे भी दर्ज हैं। इन्हीं मामलों में इन आरोपियों को पकड़ा गया है। ये यूपी, उत्तराखंड सहित कई प्रदेशों में अपना नेटवर्क चला कर साइबर ठगी का काम करते थे।
ये हुई बरामदगी
इन शातिरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में शहर कोतवाल टीपी सिंह, दारोगा निर्मल तिवारी, हेड कांस्टेबल नंदकुमार, आरक्षी संदीप सिंह, साइबर क्राइम सेल प्रभारी निरीक्षक विजय वीर सिंह सिरोही, आरक्षी रोहित कुमार, रवि वर्मा व भूपेंद्र राणा आदि शामिल थे। इन लोगों ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, तीन मोबाइल कीपैड, चार फर्जी आधार कार्ड, 60 हजार की नकदी, एक पेन आदि बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों शातिरों को जेल भेजा गया है।