हरगांव थाना क्षेत्र में पटाखा फटने से तीन बच्चे बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने तीनों की हालत चिंता जनक बताई है।
हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी जितेंद्र की बारात रविवार को लौटकर घर पहुंची थी।
इस दौरान गांव में पटाखे भी फोड़े गए। इन्हीं पटाखों में कुछ ऐसे पटाखे भी थे, जो दगे ही नहीं। सोमवार को गांव के ही धर्मेंद्र का पुत्र अर्चित (8), सुधीर का पुत्र आयुष (7) व मेहमानी में आए रजनेश की पुत्री आयुषी (5) खेल रही थी। इसी दौरान एक पटाखा बच्चों के हाथ लग गया।
बच्चों ने खेल-खेल में पटाखे में आग लगा दी। जिसकी वजह से पटाखा फट गया। पटाखा के साथ बच्चों की चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक बच्चे घायल हो चुके थे। परिवार के सदस्यों ने तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।