फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: मैजिक पेन से चेक भरकर करते थे ठगी, तीन गिरफ्तार

Tue, 21 Apr 2026 11:39 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। मैजिक पेन और लाइटर से चेक की रकम बदलकर ठगी करने वाले तीन लोगों को मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस ने स्वाट व सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोन देने के नाम पर कंपनी का एजेंट बनकर लोगों से चेक पर छोटी रकम भरवाते थे। इसके बाद उपकरणों की मदद से रकम को अधिक लिखकर निकाल लेते थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश पांडेय के अनुसार, पुलिस टीम ने बलिया के बासडीह मिसरौलिया निवासी पीयूष शुक्ल, पश्चिम बंगाल के कोलकाता बनिया पुक्कुर निवासी अशोक रतन और प्रयागराज के करछना निवासी अमर सिंह को क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि वह खुद को श्रीराम फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताकर व्यापारियों को लोन दिलाने का झांसा देते थे। विश्वास जीतने के बाद वह लोगों से उनके आधार, पैन और बैंक चेक लेते थे। चेक पर आरोपी विशेष केमिकल पेन से 100 या 200 की धनराशि भरवाते थे। बाद में लाइटर की मदद से उस स्याही को मिटाकर बड़ी रकम लिखकर बैंक से निकाल लेते थे। आरोपियों के पास से एक पेन, लाइटर, कार, पांच हजार रुपये, पांच पहचान पत्र, चार फर्जी आधार कार्ड, तीन चेक व चार फाेन बरामद हुए हैं।
299 रुपये लिखकर निकाल लिए थे 1.49 लाख
गुरुद्वारा मार्ग पर सेठ इलेक्ट्राॅनिक नाम से मनोज सेठ का प्रतिष्ठान है। मनोज के अनुसार, 10 अप्रैल को दोपहर के समय शुभम गुप्ता नामक युवक का फोन आया। उसने खुद को श्रीराम फाइनेंस का अधिकारी बताया और लोन देने की बात कही। मनोज ने होम लोन लेने की इच्छा जताई, जिसके बाद अरशद नामक व्यक्ति ने उनको फोन कर सारे कागजों की जानकारी दी। 13 अप्रैल को एक व्यक्ति उनके पास आया। उसने दो चेक लिए। इसमें एक चेक को खुद से कैंसिल किया। दूसरे चेक पर 299 रुपये की रकम लिखी। कुछ देर बाद पता चला कि उसी चेक के जरिए मनोज के खाते से एक लाख 49 हजार रुपये निकाल लिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें