सीतापुर। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 18 बरस से अधिक और 45 वर्ष से कम उम्र के लोगों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। अभियान प्रारंभ होने के चार दिन बाद भी जिले में वैक्सीन नहीं पहुंची है, न ही इसके पहुंचने की कोई समय सीमा ही तय हुई है। इतना ही नहीं टीकाकरण कराने के इच्छुक युवाओं के पंजीकरण को पोर्टल का संचालन भी शुरू नहीं हो सका है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच केंद्र सरकार ने एक मई से 18 बरस से अधिक के लोगों को टीकाकरण से लाभान्वित कराने का निर्णय लिया था। इसका शुभारंभ देश भर में एक मई को शुरू हो चुका है, लेकिन जिले में टीकाकरण को वैक्सीन नहीं पहुंचने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। अभियान के चार दिन बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए है।
टीकाकरण को वैक्सीन कब पहुंचेगी इसकी पुख्ता जानकारी स्वास्थ्य महकमे के पास भी उपलब्ध नहीं है। जबकि वैक्सीन लगवाने से पहले स्वास्थ्य विभाग के स्तर से ही पंजीकरण को पोर्टल शुरू किया जाना है। पंजीकरण के बाद ही टीका लगाया जा सकेगा। यह पोर्टल भी चालू नहीं हो सका है। स्वास्थ्य महकमा वैक्सीन मिलने का इंतजार कर रहा है।
नहीं पहुंची है वैक्सीन
18 प्लस लोगों के लिए वैक्सीन नहीं आई है। जिस अनुपात में वैक्सीन मिलेगी, उसी हिसाब से पोर्टल शुरू किया जाएगा। पोर्टल उतने ही देर चलेगा, जितने देर तक वैक्सीन की मात्रा के अनुसार पंजीकरण नहीं हो जाते है।
डॉ. पीके सिंह, एसीएमओ