पिसावां (सीतापुर)। कस्बे में आईटीआई के ठीक सामने बने तीन घरों से शनिवार रात चोर नकदी समेत करीब पांच लाख का माल समेट ले गए। सूचना पाकर पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
महेश्वरी देवी के अनुसार शनिवार को वह रिश्तेदारी में गई थीं। उसी रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर बक्से और अटैची में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब तीन लाख का माल पार कर दिया। चोरों ने खाली बक्सा व अटैची घर के पीछे फेंक दी। पास में ही अनिल कुमार का घर बना है। अनिल अपने गांव खजुन्ना गए हुए थे।
मकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने दो हजार रुपये समेत करीब डेढ़ लाख का माल पार कर दिया। चोर कमलू के मकान का ताला तोड़कर घर घुसे और 50 हजार का माल पार कर दिया। महेश्वरी, अनिल कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
दुकान में सेंध लगाकर नकदी व शराब चोरी
सीतापुर। थानगांव इलाके में शनिवार रात चोरों ने एक कंपोजिट दुकान को निशाना बनाया। राजपुर चौराहे से गंगापुरवा मार्ग पर स्थित दुकान के सेल्समैन रिंकू जायसवाल ने बताया कि चोर नकब लगाकर दुकान में घुसे चोरों ने दस हजार रुपये, 10 कैन बियर, सीसीटीवी आदि चोरी कर लिए। सुबह होने पर उनको मामले की जानकारी हुई। लोगों ने बताया कि जहां चोरी हुई है। वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पहरा भी लगता है। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।