सीतापुर। शहर के सिटी स्टेशन से लेकर कोट चौराहे तक अतिक्रमणकारियों के हौसले दोबारा बुलंद हो गए हैं। लोगों ने बाकायदा पॉलीथिन और बांस की टटिया लगाकर दोबारा कब्जा करना शुरू कर दिया है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं। पूर्व में जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया था।
अतिक्रमण अभियान के तहत सिटी स्टेशन के पास जिनके घर पर बुलडोजर चला था, उन परिवारों के यहां आज भी वैसे ही टूटा-फूटा सामान पड़ा हुआ है, लेकिन कुछ ही दूर पर फिर से अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ और खाली कराई जगहों पर पन्नी डालकर दोबारा कब्जा कर लिया है।
कजियारा चौराहे के पास खाने-पीने के काउंटर व कपड़े की दुकानें दोबारा सजने लगी हैं। कोट चौराहे पर अवैध दुकानों को प्रशासन द्वारा ढहाया गया था। उसी जगह पर अब दोबारा आगे बांस की टटिया लगाकर अंदर ईंट की दीवार बनाई गई है और एक लोहे का खोखा रखा गया है।
अतिक्रमण हटाने के नाम पर चलता है खेल
पुराने सीतापुर निवासी सलीम, आरिफ व रिजवान ने बताया कि हमारी दुकानों और घरों के सामने से अतिक्रमण हटाने के नाम पर दीवार व जीने तोड़ दिए गए। दीवार व जीने गलत नहीं थे, इसके बाद भी कार्रवाई की गई। जो दुकानें अवैध हैं उनपर आज तक तहसील प्रशासन ने बुलडोजर नहीं चलवाया है। कोट चौराहे पर जिनकी दुकानें गिराई गई थीं, वे आज फिर से बनने लगी हैं।
बर्दाश्त नहीं किया जाएगा अतिक्रमण
सिटी स्टेशन से कोट चौराहे तक फिर से अतिक्रमणकारी कब्जा कर रहे हैं, तो नगर पालिका को ध्यान देना चाहिए। कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी भी हाल में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- डॉ अतुल सेन सिंह, तहसीलदार सदर