सीतापुर। भवानीपुर, नैपालापुर व सिटी उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में शनिवार को छह घंटे बिजली गुल रही। इसके चलते मोहल्ले के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लंबी कटौती होने से कई जगहों पर पानी का संकट भी खड़ा हो गया।
शहर से सटे भवानीपुर उपकेंद्र में सुबह 10 बजे बिजली कटौती कर दी गई। शाम चार बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। लंबी कटौती होने से घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। इसके चलते विकास नगर, विश्राम नगर, भार्गव कॉलोनी, खूबपुर, कांशीराम कॉलोनी सहित 25 से अधिक मोहल्लों में लोगों के सामने दिक्कतें खड़ी हो गई।
इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। कांशीराम कॉलोनी में पानी का संकट खड़ा हो गया। इससे लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच सका। इसी तरह नैपालापुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में सुबह 10 बजे बिजली गुल हो गई। यहां पर शाम पांच बजे तक बहाल नहीं हो सकी। इसके चलते लोग काफी परेशान रहे।
उपभोक्ता रमेश ने बताया कि कटौती हो रही है लेकिन इसकी जानकारी नहीं दी जा रही है। अवर अभियंता व पॉवर हाउस का फोन नंबर स्विच ऑफ जाता है। अगर ऑन रहता है तो कॉल रिसीव नहीं होती है। इससे सटीक जानकारी नहीं हो पा रही है। इसी तरह शहर से सिटी पॉवर से जुड़े सीताराम मंदिर के आसपास इलाके में सुबह 10 से शाम चार बजे तक बिजली गुल रही। इससे 10 से अधिक मोहल्ले प्रभावित हुए।
चल रहे हैं अनुरक्षण कार्य
इस समय अनुरक्षण कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसी वजह से शटडाउन लिए जा रहे हैं। इससे कटौती की जा रही है। हालांकि कटौती की सूचना पहले से दे दी जाती है, जिससे लोगों को परेशानी न हो।
नंदलाल, अधीक्षण अभियंता