धूप से बचने के लिए दुपट्टे से चेहरा ढककर जातीं युवतियां। - संवाद
सीतापुर। गर्मी के तेवर लगातार तीखे ही होते जा रहे हैं। अब न तो दिन में चैन मिल रहा है और न रात में। रविवार को लगातार चौथे दिन भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। रात में भी उमस भरी गर्मी ने सुकून नहीं लेने दिया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दो दिनों तक गर्मी के तेवर इसी तरह तल्ख बने रहेंगे।
रविवार सुबह करीब नौ बजे से तेज धूप कहर बरपाने लगी। दोपहर के समय 24 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली लू से बेहाल लोग घरों में ही दुबके रहे। शहर के बाजार व सड़कों पर भीड़-भाड़ नजर नहीं आई। बेहद जरूरी काम से बाहर निकलने वाले इक्का-दुक्का लोगों को तेज धूप व गर्म हवा से बचाव करने के लिए गमछा व छाता का सहारा लेना पड़ा।
गर्मी से परेशान लोग बेल का शर्बत व गन्ने का जूस पीने के साथ ही नींबू पानी, शिकंजी, आम का पना तथा अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते रहे। आवास विकास के दीपक ने बताया कि रविवार काे अवकाश होने पर घरेलू काम निपटाते हैं। तेज धूप व लू देख दिन में बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई।
पंकज ने बताया कि शाम होने पर भी उमस से राहत नहीं मिली। रात में भी गर्मी सुकून नहीं लेने दे रही है। मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार को भी प्रचंड गर्मी से राहत न मिलने की संभावना जताई है।
-
शरीर में पानी की कमी बिगाड़ सकती सेहत
भीषण गर्मी के इस मौसम में सेहत बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है। चिकित्सक बताते हैं कि गर्मी के मौसम में ज्यादातर बीमारियां शरीर में पानी की कमी से होती हैं। इससे बचने के लिए लोगों को खूब पानी पीना चाहिए। धूप में निकलने से बचें। निकलना जरूरी है तो पहले सिर को अच्छी तरह से ढक लें। सावधानी रखते हुए गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।