सीतापुर। जिले में कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। मंगलवार को तीन नए केस मिलने के बाद लोगों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। जिले में तीन दिन के अंदर पांच केस सामने आ चुके हैं। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
जिले में कोरोना ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर खतरा बढ़ रहा है। कोरोना के नए केस आने से लोगों की चिंताएं बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में मंगलवार को तीन नए केस सामने आए है। इसमें एक मरीज महमूदाबाद इलाके का है। एक्सीडेंट होने पर लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, वहां पर हुई जांच में वह पॉजिटिव मिला।
इसके अलावा शहर में दो लोग और संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इनको सर्दी, जुकाम व बुखार जैसी शिकायतें थीं। सांस लेने में तकलीफ नहीं है। पिछले तीन दिन के अंदर जिले में पांच केस सामने आ चुके हैं। इन केसों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में पांच केस आने के बाद इनकी ओमिक्रॉन की जांच करवाई जा सकती है। जिले में एक्टिव केसों की संख्या पांच हो गई है।
होम आइसोलेशन में ठीक हो रहे मरीज
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन इतना खतरनाक नहीं है, जितना दूसरी लहर का संक्रमण था। सबसे खास बात यह है इस वायरस में हॉस्पिटल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। मरीज होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे है। अब तक मिले मरीजों के बाद यह निष्कर्ष निकलकर सामने आया है। इस वैरिएंट में अधिकतर मरीज बुखार व जुकाम से ग्रसित हैं। उनको ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ रही है।
समय से लगवाएं टीका
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला का कहना है कि कोविड से बचने का सबसे अच्छा उपाय टीकाकरण व कोविड प्रोटोकॉल का पालन ही है। सीएमओ ने जिलेवासियों से अपील की है कि वह पहली व दूसरी डोज समय पर अवश्य लगवाएं। किशोर व किशोरियां भी टीकाकरण करवाकर अपने आप को सुरक्षित बनाएं। इस समय जिले में 81 फीसदी कोविड टीकाकरण हो चुका है।
परखी गईं तैयारियां
कोविड के नए वैरिएंट के बाद स्वास्थ्य विभाग रोजाना अपनी तैयारियां परख रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल के एल-टू वार्ड में तैयारियां परखी गई थी। मंगलवार को सीएचसी खैराबाद के एल-टू में तैयारियां परखी गईं। अन्य सीएचसी पर अधीक्षकों ने कोविड को लेकर अपनी तैयारियां परखी।