सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शनिवार रात हुए हादसे के बाद चोरों के मंसूबों कामयाब नहीं हो सके। पिकअप चोरी कर भागते समय वाहन पलट गया। इसके बाद चोर मौके से भागकर घर पहुंच गए। सुबह होने पर पिकअप को गायब देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की। गृृहस्वामी के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें चोरी करते कैद हुए आरोपी उसके पड़ोसी ही निकले। पुलिस ने मामले में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिधौली इलाके के मोहल्ला गांधीनगर निवासी रामगोपाल जायसवाल की पिकअप घर के सामने खड़ी थी। शनिवार की देर रात चोर पिकअप को पार कर ले गए। उसी के पास में ही एक फर्नीचर की दुकान का ताला तोड़कर कुछ सामान पिकअप में लादकर मौके से भाग निकले। बताया जाता है कि चोर पिकअप लेकर मौके से भाग रहे थे, इस बीच कमलापुर इलाके में हाईवे पर अचानक पिकअप बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराकर खाई में पलट गई।
पिकअप के पलटने के बाद दोनों चोर मौके से भागकर घर आ गए। सुबह होने पर पिकअप को दरवाजे से गायब देख वाहन स्वामी को जानकारी हुई। इसके बाद पिकअप की तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद भी पिकअप का पता नहीं चलने पर यूपी 112 पर सूचना दी। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल की।
जहां पर पिकअप खड़ी थी, उसी से कुछ दूरी पर दुकान के पास सीसीटीवी कैमरा भी लगा है, लेकिन चोरों ने कैमरे में कैद होने से बचने के लिए बाहर लगे सिस्टम को तोड़ दिया था। हालांकि, पुलिस की जांच में दुकान के अंदर रखी कैमरे की डीवीआर सुरक्षित पाया। उसे खंगालना शुरू किया गया तो फुटेज में चोरों के चेहरे साफ तौर पर दिखे।
फुटेज में चोरों को देखने के बाद वाहन स्वामी ने तत्काल पहचान लिया। दोनों चोर वाहन स्वामी के पड़ोसी निकले। कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपियों गांधीनगर के राहुल, अमन को गिरफ्तार कर लिया। वाहन स्वामी के बेटे सूरज की तहरीर पर दोनों पर केस दर्ज किया गया है। जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
बदला लेने के लिए की चोरी
पिकअप चोरी कर मौके से भागने वाले वाले राहुल वाहन स्वामी के बेटे सूरज का दोस्त है। पुलिस के सामने आरोपी अमन ने कुबूल किया कि, फर्नीचर की दुकान मालिक से कहासुनी हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए दुकान का ताला तोड़ रखी लकड़ी का सामान पिकअप में लाद लिया था।