सीतापुर। बिसवां के शंकरगंज में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर से नकदी समेत करीब नौ लाख का माल पर कर दिया। घर के पास लगे सीसीटीवी में तीन संदिग्ध कैद हुए हैं। पीड़ित परिवार ने तहरीर दे दी है।
शंकरगंज निवासी बाबूराम वर्मा ने बताया कि वह शुगर फैक्टरी में कर्मचारी हैं। शुक्रवार को वह परिवार समेत घर में ताला डालकर महाकुंभ में शामिल होने प्रयागराज गए थे।
शनिवार सुबह आसपास के लोगो ने घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो सूचना दी।
परिजन जब घर का दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था। अलमारी में रखे कपड़े बिखरे पड़े थे। गृहस्वामी ने बताया कि चाेर अलमारी में रखे 70 हजार रुपये व करीब आठ लाख रुपये के जेवर लेकर भाग गए।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी है। अपराध इंस्पेक्टर भानू प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में तीन संदिग्ध कैद हुए हैं। मौके पर हल्का इंचार्ज को भेजकर जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।