सीतापुर। हरगांव, महोली व सिधौली के कई गांवों में बाघ का खौफ है। जंगली जानवर चहलकदमी कर लगातार मवेशियों को निशाना बना रहा है। वन विभाग के अफसर ग्रामीणों को अकेले न निकलने के लिए आगाह कर रहे हैं। डर के कारण लोग घरों में कैद हैं। बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। वहीं देखरेख के अभाव में खेत में खड़ी फसल भी बर्बाद हो रही है। वन विभाग द्वारा स्थायी निदान न तलाशने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है।
पिछले करीब दो माह से हरगांव रेंज के इमलिया सुल्तानपुर, झरेखापुर इलाके में बाघ की चहलकदमी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनी है। शुक्रवार को कुंवरगड्डी इलाके में बाघ के पगचिह्न मिले। पिछले माह लहरपुर इलाके में जंगली जानवर की आहट से ग्रामीणों में भय था। महोली इलाके में करीब दो वर्ष से बाघ का कुनबा घूम कर रहा है। इससे इलाके के दर्जनों गांवों के बाशिंदे अभी भी रात में खेतों की ओर जाने से कतराते हैं। बाघ के भय से रात में खेतों की रखवाली न करने से छुट्टा जानवर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।
महोली के कारीपाकर निवासी किसान मुकुट बिहारी का कहना है कि करीब दो माह पहले उनके गांव के किनारे बने एक घर के पास बंधे गोवंश को बाघ ने निवाला बनाया था। जिसके बाद से अधिकतर ग्रामीण रात में खेतों की रखवाली करने नहीं जाते हैं। आवारा पशु खेतों में खड़ी फसल बर्बाद कर रहे हैं।
झरेखापुर इलाके के सिहानीपारा निवासी किसान वीपेश यादव कहते हैं कि जबसे खेतों में बाघ देखा गया है तबसे अकेले खेतों की तरफ जाने में डर लगा रहता है। छुट्टा जानवर गेहूं की फसल चट कर जा रहे हैं। वन विभाग द्वारा सिर्फ मौके पर पहुंचकर खानापूर्ति कर ली जाती है।
झरेखापुर के मुमताजपुर निवासी किसान विकास विक्रम सिंह ने बताया गांव के पड़ोस में स्थित सरायन नदी के पास के खेतों में बाघ के पगचिह्न देखे जाने के बाद डर का माहौल बना हुआ है। कभी-कभार किसान समूह में खेतों की तरफ जाते हैं, जिससे खेतों की रखवाली नहीं हो पा रही। छुट्टा जानवर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अटरिया के कीरतपुर निवासी संदीप चौरसिया बताते हैं कि इलाके में बाघ की चहलकदमी है। रोज कहीं न कहीं पगचिह्न मिलते हैं। जिस कारण खेतों की ओर नहीं जाते हैं। फसलें बर्बाद हो रही हैं। वन विभाग भी लापरवाही दिखाते हुए इसका स्थाई निदान नहीं कर रहा है।