रेउसा इलाके में ग्राम बरौली निवासी सालिग राम पांडेय (20) पुत्र रामगोपाल का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर प्रेम शंकर के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। उसकी गर्दन व नाक पर धारदार हथियार की गंभीर चोट थी।
राम गोपाल का कहना है कि उसके बेटे को गांव का ही सत्येंद्र रविवार शाम घर से बुलाकर ले गया था। देर रात तक वह वापस नहीं आया तो तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला। सुबह बेटे की लाश गांव के बाहर गन्ने के खेत में पड़ी होने की सूचना मिली। उसकी गर्दन व नाक पर धारदार हथियार की गंभीर चोट थी।
पिता ने आरोप लगाया कि गांव की ही एक युवती से सालिग राम के संबंध थे। इसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। उसने गांव के ही कमलेश, अखिलेश, विमलेश व सत्येंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।