परसेंडी (सीतापुर)। बाकरनगर गांव में शनिवार को रंजिश के चलते हुए विवाद में युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर में धारदार हथियार से चोट लगने के निशान मिले हैं। पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
गांव बाकर नगर निवासी सरवन कुमार के मुताबिक उनके भाई उमेश कुमार (40) अपने दरवाजे पर मौजूद थे। बताया कि पांच दिन पहले बच्चों में कोल्डड्रिंक को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते गांव के गोपी, शिवम, सुजीत, सोमवती ने उमेश से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उमेश को पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर बीच-बचाव करने गए सरवन के पुत्र गौरव (14) को भी काफी मारापीटा गया। उमेश के सिर में धारदार हथियार से वार किए जाने के बाद उनकी हालत नाजुक हो गई।
गौरव भी जख्मी हो गए। दोनों को सीएचसी लहरपुर में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही लहरपुर व तालगांव पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस सूत्रों की मानें तो रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि है सिर में गंभीर चोटें लगने से उमेश की मौत हो गई। इंस्पेक्टर दीपक कुमार राय ने बताया कि सरवन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।