फूलों की दुकान पर सजती कार व इनसेट में अंग्रेजी वाइट गुलाब व देसी गुलाब।
- फोटो : फूलों की दुकान पर सजती कार व इनसेट में अंग्रेजी वाइट गुलाब व देसी गुलाब।
सीतापुर। दूल्हे राजा की कार की सजावट भी महंगाई डायन के प्रकोप से बच नहीं पाई। पिछले साल के मुकाबले इस साल फूलों के दामों में दोगुना फर्क आ गया है। सबसे ज्यादा इंग्लिश गुलाब, देसी गुलाब, ग्लैडियोलस के साथ बाहरी फूलों के दामों में 15 से 20 रुपये प्रति स्टिक बढ़ोतरी हो गई है। इससे कार, मंडप और घरों की सजावटों में इन पर दोगुना खर्च का बोझ उठाना पड़ रहा है। वहीं सजावट की अन्य सामग्रियों के दामों में भी 10-20 रुपये उछाल आया है।
फूल विक्रेताओं के अनुसार फूलों की बिक्री शादियां शुरू होते ही बढ़ गई है। पिछले साल से इस साल कार की सजावट और सजावट की सामग्रियां जैसे पर्दे, फूलों की बॉस्केट, रिबन रैपिंग, फैब्रिक नेट आदि में 10 से 20 रुपये का उछाल आया है। वहीं देसी गुलाब की एक स्टिक 30 से 35 रुपये है। इंग्लिश गुलाब सफेद और पिंक 60 से 70 प्रति स्टिक बिक रहा है।
शादी की तैयारियों में जुटे अजय कश्यप और संतोष गुप्ता का कहना है कि फूलों के दामों में ऐसा उछाल आया है कि कार और मंडप सजावट का खर्च देखते ही देखते दोगुना हो गया है। गुलाब, गेंदा और अन्य सजावटी फूलों की बढ़ती कीमतों ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। पहले दूल्हे की जो कार 15 सौ से दो हजार रुपये में सज जाती थी, वही इस बार तीन हजार से चार हजार रुपये में सज रही है।
14 फरवरी को है सबसे ज्यादा लग्न
फूल विक्रेता शोभित ने बताया कि फरवरी के सीजन में 14 और 15 फरवरी को ज्यादा शादियां हैं। 14 फरवरी को वैलेंटाइन-डे और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि है। इन दोनों दिनों में फूलों की अच्छी खासी बिक्री होनी है। इसके लिए फूूल विक्रेताओं ने लखनऊ सहित अन्य जगहों से फूल एडवांस में मंगाना शुरू कर दिया है। वैलेंटाइन-डे वाले दिन देर रात तक लोग गुलाब लेने के लिए आते रहते हैं। पिछली बार तो किसी भी दुकानदार के पास स्टिक वाले गुलाब ही नहीं बचे थे। फूल विक्रेता संजय ने बताया कि 14 और 15 फरवरी के दिन दो गाड़ियों की एडवांस बुकिंग मिल गई है। वहीं मंदिरों में भी सजावट का काम पहले से बुक है।