फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: 20 किलो राशन देकर पीड़ितों को उनके हाल पर छोड़ा

Sun, 31 Aug 2025 11:43 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
सीतापुर के एक गांव में भरा बाढ़ का पानी।
विज्ञापन

विज्ञापन
सीतापुर। बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी से सीतापुर के महमूदाबाद तहसील क्षेत्र में सरयू का रौद्र रूप दिख रहा है। कटान से शुकुलपुरवा के रामरूप पुरवा, लोधन पुरवा, छोटे पुरवा, महाजन पुरवा, सुंदर पुरवा और झकटु पुरवा के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है।
भूषणपुरवा और लोधनपुरवा की पहचान मिटने वाली है। नदी मूल स्थान से दो किमी हटकर लगातार कटान कर रही है। करीब 100 कच्चे घर नदी में विलीन हो गए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को मदद के नाम पर बस एक बार राशन किट मिली, जिसमें राशन के नाम पर 10 किलो आटा व 10 किलो चावल रहा। इसके बाद मदद के नाम पर ग्राम प्रधान श्रीराम ने बस चार दिन लंच पैकेट बंटवाए। अब वह भी बंद है। ऐसे में कटान प्रभावित ग्रामीणों के समक्ष पेट पालने की मुश्किल है।
विज्ञापन




कटान प्रभावितों का असल हाल जानने के लिए हमें सरयू की दो सहायक नदियों को नाव से पार करना पड़ा। बंगाली घाट और बांके घाट होते हुए किसी तरह तबाह हुए रामरूप पुरवा पहुंचे। गांव की मीना यादव ने बताया कि राशन किट में लाई, चना, भूना चना, चीनी, बिस्कुट, माचिस, मोमबत्ती, नहाने का साबुन, बाल्टी, तिरपाल, आटा, चावल, आलू (10-10 किलो), अरहर दाल (दो किलो), हल्दी (200 ग्राम), मिर्च (100 ग्राम), सब्जी मसाला (200 ग्राम), सरसों का तेल और नमक मिला था।



घर में खाने वाले 10-10 लोग हैं। बड़ी मुश्किल से 15 दिन काम चला। अब खाने के लाले हैं। प्रशासनिक अधिकारी दौरा तो करते हैं, लेकिन सभी ने हमें हमारे हाल पर ही छोड़ दिया है। अर्चना की भी दिक्कत यही है। परिवार में छह सदस्य हैं। एक बार राशन किट के बाद फिर कुछ नहीं मिला।

मजबूरी में रामपुर मथुरा जाकर परिवार के सदस्यों को मजदूरी करनी पड़ रही है, तब कहीं चूल्हा जल रहा है। हमें देखकर कटान से तबाह सुखदेई की आंख भर आई। रोते हुए बताया कि साहब सब तबाह हो गया। खेती नदी में समा गई। घर भी कट गया।


छप्पर डालकर किसी तरह से समय काट रहे हैं। बुरा हाल है। उन्हें किसी तरह से चुप कराया। हमें मुनेश्वरी ने बताया कि पशुओं के टीकारण का भरोसा दिया गया था, लेकिन कोई यहां झांकने नहीं आया। पूरी व्यवस्था भगवान भरोसे ही है। अब तो यही चिंता सताती है कि शाम को घर का चूल्हा कैसे जलेगा। घर में अन्न का एक दाना भी नहीं बचा है।

10 गांव बाढ़ से घिरे, 10 घर कटे, कई खतरे में
रामपुर मथुरा। सरयू नदी की धारा में रविवार को भूषणपुरवा के 10 मकान बह गए। यहां के छह आशियाने लहरों के निशाने पर हैं। घबराए लोग गृहस्थी समेटकर सुरक्षित ठिकाने पर जा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक तीनों बैराजों से रविवार को 3.97 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह पानी जिले में पहुंचने पर हालात और बिगड़ सकते हैं।
विज्ञापन



अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग विशाल पोरवाल ने बताया कि खतरे के निशान 119 मीटर से जलस्तर अभी 60 सेमी नीचे है। तटबंध पर शरण लिए शिवमंगल ने बताया कि पानी नदी से बाहर निकलकर तटवर्ती इलाके में फैल रहा है। अखरी, प्यारेपुरवा, अंगरौरा, बाबाकुटी, फतेपुरवा, दुबेपुरवा, मिश्रणपुरवा, कटुवघाट, जगरूप पुरवा, कुंभरौडा, रानीगंज, निरंजन पुरवा, सोतीपुरवा व कनरखी के आसपास पानी भरने लगा है। शुकुलपुरवा के प्रधान श्रीराम ने बताया कि भूषणपुरवा में कुंवारे, रामप्रकाश, पुत्तीलाल, राकेश, परमेश्वर, शिवप्रसाद, जयकरन, परमेश्वर, सुखदेव व भगवती के घर कटकर सरयू में समा गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें