महोली (सीतापुर)। क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। मंगलवार सुबह अंगरौरा निवासी पीयूष सिंह बाइक से तकिया चौराहे पर खरीदारी करने गए थे। सुबह करीब 10:00 बजे वह तकिया-रोहिला मार्ग से होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाघ तेजी से मार्ग को पार कर दूसरी ओर चला गया। यह देख पीयूष सहम गए।
उन्होंने बताया कि रोड के किनारे ब्रह्मावली निवासी सुरेश मिश्रा के खेत से बाघ निकलकर रोड को पार करते हुए प्रधान मनीष बाजपेई के खेत में चला गया। उन्होंने बताया कि उनकी बाइक और बाघ के बीच महज 200 मीटर की दूरी थी। बताया कि आननफानन बाइक मोड़कर तकिया चौराहे पहुंचे और इसकी जानकारी दी। तकिया चौराहे से 50 से अधिक ग्रामीण घटनास्थल पर गए।
प्रधान मनीष बाजपेई ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग व एक्सपर्ट टीम को खेतों में बाघ के पगचिह्न मिले हैं। बता दें कि नरनी के पीएचसी में बनाए गए कैंप से मंगलवार को बाघ देखे जाने वाले घटनास्थल की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। महोली हरगांव मार्ग के पश्चिमी क्षेत्र में कठिना नदी की तलहटी के नरनी, कटिघरा, श्याम जीरा, गिरधरपुर, सीतारामपुर, जगन्नाथपुर, विशेश्वर दयालपुर, भगवानपुर, कोल्हौरा, पसिगवां, ब्रह्मावली समेत कई गांवों में बाघ की दहशत बनी हुई है। मंगलवार की घटना के बाद बड़ी नहर के समीपवर्ती गांव अंगरौरा, रोहिला, पिपरझला, बसारा, चवा बेगमपुर, मूड़ा, कलवारी बेगमापुर, लालपुर सिकटिहा, खम्हरिया, भिरिया आदि गांव में दहशत है। (संवाद)