सीतापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की प्रयोगात्मक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होंगी। बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति से पहले ही जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) की एक विशेष टीम कॉलेजों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करेगी।
डीआईओएस की अध्यक्षता में गठित यह कमेटी हर कॉलेज की प्रयोगशाला का दौरा करेगी। टीम सुनिश्चित करेगी कि लैब में आवश्यक केमिकल, उपकरण और अन्य संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं या नहीं। यदि किसी कॉलेज की प्रयोगशाला में कमी मिलती है, तो उसे समय रहते पूरा किया जाएगा। जिससे प्रैक्टिकल के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं 18 फरवरी से मुख्य बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जिसके लिए विद्यार्थी तैयारी में जुटे हैं। इधर, कॉलेज प्रबंधन प्रयोगशालाओं को दुरुस्त करने में व्यस्त है। जल्द ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए सेंटर भी निर्धारित कर दिए जाएंगे। विभाग का मकसद है कि परीक्षकों के आने से पहले कॉलेजों में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हों।
परीक्षकों की सूची जल्द
प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि निर्धारित कर दी गई है और शीघ्र ही परीक्षकों की सूची जारी होने की संभावना है। परीक्षकों के आगमन से पूर्व प्रयोगशालाओं में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएंगी।
- राजेंद्र सिंह, डीआईओएस