सीतापुर। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा रविवार को सिधौली कस्बे में छापा मार अभियान चलाया गया। इस दौरान मिलावट की आशंका पर सात खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान एफएसओ कुसुम सिंह ने टीम सहित मिलावट की आशंका पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों को चेक किया। इस पर पनीर का एक, मिश्रित दूध का एक, भैंस दूध के तीन, जीरा बिस्कुट का एक व रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना भरा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम ने 42 खाद्य कारोबारी को जागरूक करते हुए उनसे मिलावट न करने की अपील की। मानक के अनुसार ही खाद्य पदार्थ बेचने के लिए प्रेरित किया।