महमूदाबाद (सीतापुर)। बीएसए बेल्ट कांड के आरोपी प्रधानाध्यापक बृजेन्द्र कुमार वर्मा जेल से रिहा होने के बाद शुक्रवार को महमूदाबाद पहुंचे। वह गुपचुप तरीके से सीधे प्राथमिक विद्यालय नदवा गए और बच्चों से बात की।
इस समय वह निलंबित चल रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय नदवा के प्रधानाध्यापक बृजेंद्र कुमार वर्मा ने बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह को कार्यालय के अंदर बेल्ट से पीट दिया था, जिसके बाद से वह जेल में बंद थे। सोमवार को जिला न्यायालय ने जमानत दे दी थी। बृहस्पतिवार सुबह जेल से रिहा कर दिया गया।
पहले वह सीधे अपने लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर परिजनों से मिले। शुक्रवार को नदवा स्कूल गए। वह विद्यालय में छुट्टी तक मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों से बात की। गांव में हुए घटनाक्रम की जानकारी ली। स्कूल में बच्चों से बातचीत की। समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया। हालांकि वह मीडिया से बचते हुए नजर आए।
सोशल मीडिया पर दिनभर हुई चर्चा
बृजेंद्र कुमार वर्मा के जेल से रिहा होने के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चाएं हो रही हैं। शिक्षक की एक फोटो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें कई लोग उनसे मिलते हैं और उनका फूल माला पहनाकर स्वागत करते हैं। शिक्षक को बेल्ट गिफ्ट में देते हैं। बेल्ट देने पर लोगों ने खूब कमेंट किए। किसी ने इसे राजनीति बताया तो किसी ने कहा कि गुरू जी इससे दूर ही रहें तो बेहतर होगा।