गोंदलामऊ क्षेत्र में तेज आंधी में टूटकर गिरा बिजली का खंभा। संवाद
सीतापुर। जिले में मंगलवार देर शाम आई आंधी ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था बिगाड़ दी। शहर के साथ ही करीब 1,200 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुट गई हैं। एक सप्ताह में तीसरी बार आंधी की वजह से बिजली व्यवस्था बेपटरी हुई है।
तीन दिन पहले आई आंधी की वजह से अभी गांवों की विद्युत आपूर्ति पटरी पर नहीं लौट पाई थी। इसी बीच मंगलवार को आई आंधी ने फिर से आपूर्ति ध्वस्त कर दी। हुसैनगंज से आई मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। इसकी वजह से शहर के भवानीपुर, पुराना सीतापुर व सिटी उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। इससे पूरे शहर में अंधेरा छा गया। बिजलीकर्मी फॉल्ट तलाशने में जुट गए।
पिसावां, मिश्रिख, लहरपुर, महमूदाबाद, बिसवां, सिधौली, कमलापुर, खैराबाद, महोली सहित अन्य इलाकों के करीब 1,200 गांवों की बिजली गुल हो गई। आंधी से कहीं पर पोल टूट गए तो कहीं तार टूटने की वजह से फॉल्ट आ गया है। कई जगह ट्रांसफार्मर में भी खराबी आ गई है।
आया कई जगहों पर फॉल्ट
आंधी की वजह से शहर सहित ग्रामीण इलाकों में फॉल्ट आ गया है। बिजली विभाग की टीमें मरम्मत करने में जुट गई है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास चल रहा है।
ललित कृष्ण, अधीक्षण अभियंता