सीतापुर। आंधी व बारिश से पूरे जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। पावर कॉर्पोरेशन के मुताबिक, करीब 3200 गांवों की बिजली ठप हो गई। आंधी में 200 से अधिक पोल गिर गए। 50 से अधिक स्थानों पर तारों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कई जगह ट्रांसफार्मर उखड़कर गिर गए। 16 घंटे बीतने के बाद भी पूरे शहर की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। मंगलवार देर शाम तक विभाग की टीमें मरम्मत में जुटी रहीं।
सोमवार देर रात आई आंधी की वजह से हुसैनगंज की मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। इस वजह से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भवानीपुर उपकेंद्र पूरी रात बंद रहा। मंगलवार सुबह नौ बजे कुछ इलाकों में आपूर्ति बहाल हो पाई। इसके अलावा हरदोई रोड फीडर से जुड़े मोहल्लों में मंगलवार शाम तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। सिटी उपकेंद्र व पुराना सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में सोमवार को रातभर बिजली न आने से लोगों की नींद खराब हुई। सुबह के समय घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया।
आंधी में देवगवां उपकेंद्र के साहब नगर, अर्थाना, इस्लामनगर, कुसैला व नदीपार फीडर से जुड़े गांवों में भी बिजली ठप हो गई। मंगलवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। मोहम्मदनगर, अब्दीपुर, कुतुबनगर में कई पोल टूट गए। देवगवां, अर्थापुर में कई जगह पेड़ टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गए। नैमिषारण्य की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ठप हो गई।
हरदोई-सीतापुर रोड पर एचटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कमलापुर में सुरैचा फीडर, रंजीतपुर फीडर व कमलापुर देहात फीडर बंद हो गए। 10 से अधिक पोल टूट गए। सांडा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में सोमवार देर रात ठप हुई बिजली मंगलवार देर शाम तक बहाल नहीं हो पाई।
सिधौली तहसील क्षेत्र के मास्टरबाग, कुचलाई, कमलापुर, गंधौली, अटरिया व महमूदाबाद फीडर बंद हो गए। क्षेत्र में 18 से अधिक पोल गिर गए। एसडीओ ग्रामीण आशुतोष गुप्ता ने बताया कि तेज आंधी के चलते पोल टूट गए हैं। मरम्मत कराई जा रही है।
सांडा उपकेंद्र को आई 33 हजार मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। सांडा पावर हाउस के सांडा, शाहपुर, मडोर, काजीपुर, प्यारापुर, सकरन, उमराकला, उमराखुर्द, सुमरावां, तारपारा, रेवान, उल्लहा, किरतापुर, देवतापुर, सकरनखुर्द, मोहलिया, नसीरपुर, पिपरी, पचदेवरा, आदि गांवों की बिजली ठप हो गई। बम्हनावा रेउसा उपकेंद्र से जुड़े, खरौहा, गौहानिया, खुरवलिया, सेवता, हथिना, मंगलपुरवा, पिपरा, जबरपुरवा, गुलाबपुरवा, समसिनपुरवा, सुपौली, गुड़रुवा महतौपुरवा समेत अन्य गांवों में बिजली ठप होने से लोग परेशान हैं। बरताल से संदना जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं, संदना के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है।
कराया जा रहा है आकलन
पूरे जिले में आंधी की वजह से काफी अधिक नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। बिजली विभाग की टीमें बराबर मरम्मत करने में जुटी हैं। देर शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास है।
- राजेश तोमर, प्रभारी अधीक्षण अभियंता
नैमिषारण्य क्षेत्र में तेज आंधी में गिरा ट्रांसफार्मर व कमलापुर में गिरा पोल। संवाद