सीतापुर। एनआईसी सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता में निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए, पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए पांच नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र में आवेदन कर सकते हैं।
अभियान के दौरान बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची, जो 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित हुई थी, की तुलना सात जनवरी 2025 की अंतिम मतदाता सूची और उसकी पूरक सूचियों से करेंगे। पहले सूची में शामिल रहे, लेकिन वर्तमान सूची से छूटे मतदाताओं को चिह्नित कर घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। पात्र पाए जाने पर फार्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने में मदद की जाएगी। प्रत्येक बीएलओ को सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करना होगा।
डीएम ने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर को अर्हक तिथि निर्धारित है। नियमानुसार इन तिथियों के आधार पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। बीएलओ की ओर से तैयार तुलनात्मक सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से साझा की जाएगी।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने और सभी मतदेय स्थलों पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।