सीतापुर। महोली ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को एक सफाईकर्मी ने हाथ में चप्पल लेकर प्रधान को दौड़ा लिया। इसके बाद आक्रोशित प्रधान धरने पर बैठ गए। घटना के समय राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रशिक्षण चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी सफाईकर्मी को थाने ले गई। इसकी जानकारी एडीओ पंचायत ने डीपीआरओ को दी। इसके बाद डीपीआरओ डॉ. निरीश चंद्र साहू ने सफाईकर्मी विश्वनाथ अंबेडकर को निलंबित कर दिया।
पाल्हापुर गांव के मजरा महेवा निवासी विश्वनाथ अंबेडकर पिपरझला गांव में सफाईकर्मी है। बृहस्पतिवार को उसे उसके चचेरे भाई सोनू का आवास कटने की जानकारी मिली। इससे नाराज सफाईकर्मी बृहस्पतिवार को ड्यूटी पर न जाकर सीधे ब्लॉक सभागार पहुंचा। वहां प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा था। वहां उसने ग्राम प्रधान सोनेलाल को अपशब्द कहते हुए चप्पल हाथ में लेकर दौड़ा लिया। इससे परिसर में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने सफाईकर्मी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।वहीं, आक्रोशित प्रधान कार्य बहिष्कार करते हुए ब्लाॅक परिसर में धरने पर बैठ गए। इस पर डीपीआरओ ने सफाईकर्मी को निलंबित कर खैराबाद के एडीओ ओमप्रकाश को जांच सौंपी है। निलंबन अवधि में सफाईकर्मी मुख्यालय से संबद्ध रहेगा।